तालग्राम। ब्लॉक में पांच फरवरी को टेंडर प्रक्रिया को लेकर हुए विवाद का मामला गंभीर होता जा रहा है। छह फरवरी को भाजपा नेता रूपेंद्र राजपूत ने ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि और उनके भतीजे पर अपहरण, मारपीट व जान से मारने के प्रयास का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। चार दिन बीत जाने के बावजूद कार्रवाई न होने से लोगों में आक्रोश है। सोमवार को भाजपा नेताओं ने जनसभा कर चेतावनी दी है कि 48 घंटे में प्राथमिकी दर्ज न हुई तो कोतवाली का घेराव किया जाएगा।
महानगर गांव स्थित निजी ईंट-भट्ठे पर सोमवार दोपहर 11 बजे के करीब भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत के नेतृत्व में हजारों की संख्या में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ने ब्लॉक में कथित दबंगई और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो कोतवाली का घेराव किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एसपी विनोद कुमार से फोन पर वार्ता हुई है। उनसे शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन मिला है।
जनसभा में वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि यह मामला किसी जाति विशेष से जुड़ा नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था और न्याय से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में यदि ऐसे मामलों पर कार्रवाई नहीं होती तो यह प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है। इस दौरान बांगरमऊ के भाजपा नेता शैलेंद्र राजपूत, जिला उपाध्यक्ष जीतू तिवारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष विपिन उर्फ झब्बू तिवारी, रामजीवन राजपूत, पंकज राजपूत, रूपेंद्र राजपूत, प्रभात वर्मा समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
..........................
जनता की शिकायत पर नहीं दिया टेंडर : ब्लॉक प्रमुख
तालग्राम ब्लॉक प्रमुख सुमन सिंह गौर ने बताया कि रूपेंद्र राजपूत को तीन करोड़ रुपये का काम दिया गया था। उनके काम की गुणवत्ता खराब थी। जिसकी जनता ने अधिकारियों व उनसे शिकायत की थी। इसके बाद भी वह काम देने की जिद पर अड़े हैं। यहां तक कि भतीजे के साथ अभद्रता की और पुलिस-प्रशासन पर दबाव बना रहे हैं। जनता की शिकायतों के चलते उनको टेंडर नहीं दिया गया। जिस पर वह जातीय गोलबंदी कर उन पर और पार्टी पर दबाव बनाना चाहते हैं।