प्रदेश की भाजपा सरकार सुशासन की बात कर रही है, लेकिन उसके नेताओं पर सत्ता का नशा चढ़ा हुआ है कि उन्हें किसी का भी खौफ नहीं है। ऐसा ही कुछ चित्रकूट में देखने को मिला है, जहां ग्राम पंचायत सचिव के साथ भाजपा युवा मोर्चा के नेताओं ने मारपीट की है।
चित्रकूट जिले में भाजपा युवा मोर्चा के नेताओं के द्वारा ग्राम पंचायत सचिव की पिटाई का मामला गरमाता जा रहा है। दरअसल, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पंचायतीराज एवं ग्राम विकास विभाग के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों कार्य बहिष्कार कर दिया है। साथ ही पीड़ित सचिव घनश्याम दास शुक्ला को न्याय दिलाने के लिए विभाग के कर्मचारी अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। साथ ही, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विकास भवन में धरना भी चल रहा है।
विज्ञापन
गौरतलब है कि गुरुवार की शाम को भाजयुमो के जिला अध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक परिसर में पहुंचकर सचिव की पिटाई की थी। सचिव ने बताया है कि भाजयुमो के नेता पंचायत भवन को बरात ठहराने के लिए भवन मांग रहे थे, तो उन्होंने अधिकारियों से अनुमति लेने के लिए कहा था।
इसी बात से नाराज होकर उसकी पिटाई की गई है। इस मामले में चित्रकूट ग्राम विकास अधिकारी घनश्याम शुक्ला की तहरीर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष विकास उर्फ हीरो मिश्रा समेत चार लोगों के खिलाफ सरकारी कामकाज में बाधा पहुंचाने मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इस रिपोर्ट के दर्ज होने के बाद भाजयुमो के नेताओं ने थाना परिसर में धरना देकर कहा है कि सचिव ने उनके पार्टी के शीर्ष नेताओं को अपशब्द कहे हैं। इसलिए वाद विवाद हुआ था, सचिव के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की गई है।