हमले की जानकारी देते जेई निर्दोष कुमार (कागज पकड़े हुए)
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के औरैया में अछल्दा ब्लॉक के ग्राम रजुआमऊ में इंटरलॉकिंग कार्य के निरीक्षण के लिए गए ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के जेई निर्दोष कुमार से भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान के पुत्र अवनीश ठाकुर ने पहले अभद्रता की, फायर झोंका और उसके बाद जबरन कार में ले जाकर घर में बंद करके जूतों से पीटने की बात कहते हुए धमकाया।
भयभीत जेई किसी तरह छूटकर आया लेकिन पूरे दिन पुलिस तक पहुंचने की हिम्मत भी नहीं जुटा पाया। अगले दिन शुक्रवार को कर्मचारियों का प्रतिनिधिमंडल डीएम और एसपी से मिला। देर रात भाजपा नेता अवनीश ठाकुर और नौ अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ गए जेई निर्दोष कुमार ने डीएम श्रीकांत मिश्रा और एसपी त्रिवेणी सिंह को बताया कि वह इस समय विकास खंड अछल्दा में तैनात हैं। ग्राम रजुआमऊ में दिबियापुर के विधायक लाखन सिंह राजपूत के दो कार्य निर्माणाधीन हैं। रजुआमऊ में इंटरलॉकिंग निर्माण का काम झांसी की एक कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा करवाया जा रहा है।
27 सितंबर बृहस्पतिवार को निरीक्षण में काम मानक के अनुसार न मिलने पर उन्होंने लेबर, ठेकेदार की ओर से काम करा रहे गांव प्रधान के पुत्र अवनीश ठाकुर को सही से काम कराने की हिदायत दी। अवनीश ठाकुर अछल्दा क्षेत्र के भाजपा मंडल अध्यक्ष भी हैं। वह साइट से लौट रहे थे कि अवनीश ठाकुर ने उन्हें फोन पर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी।