भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर। धनकुट्टी स्थित नगर निगम के जच्चा - बच्चा हॉस्पिटल की जगह सामुदायिक केंद्र और पार्किंग निर्माण के चक्कर में बखेड़ा खड़ा हो गया। शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भाजपा पार्षद से धक्का मुक्की के बाद पथराव की घटना से माहौल बिगड़ने लगा। इसी बीच सूचना पर सीओ कलक्टरगंज फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस पार्षद और कांग्रेस कार्यकर्ता को थाने ले आई। इस पर पार्षद के समर्थकों ने थाने में जमकर हंगामा किया।
धनकुट्टी का जच्चा-बच्चा हॉस्पिटल जर्जर हो चुका है। इसकी जगह नगर निगम सामुदायिक केंद्र और पार्किंग का निर्माण करा रहा है। क्षेत्रीय पार्षद रमापति झुनझुनवाला निर्माण कार्य देख रहे हैं। उधर इलाके के कांग्रेसी कार्यकर्ता राजकुमार और दिनेश शुक्ला हॉस्पिटल की जमीन पर सामुदायिक केंद्र के विरोध में हैं। शनिवार को धरना-प्रदर्शन की अनुमति न मिलने पर दोनों ने अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचकर नारेबाजी करनी शुरू कर दी। इसी दौरान मौके पर मौजूद पार्षद से दोनों की धक्का-मुक्की होने लगी। तभी दोनों पक्षों के लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। काम में लगे मिस्त्री और लेबर जान बचाकर भाग गए। उधर मौके पर पहुंचे कलक्टरगंज सीओ एके सिंह ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया।
सीओ के मुताबिक थाने में समझौते के बाद किसी भी पक्ष के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए सिटी मजिस्ट्रेट को पत्र भी लिखा है। उधर नगर निगम के अधिकारी का कहना है कि अस्पताल की जमीन पर अवैध कब्जे हटाए जाने के चक्कर में बवाल हुआ है। सरकारी काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ तहरीर दी जाएगी।