कानपुर देहात/सरववनखेड़ा। ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान सरवनखेड़ा में भाजपा से जुड़े दो प्रत्याशियों के बीच मतदान के दौरान जमकर बवाल हुआ। इस दौरान भाजपा विधायक व पार्टी से जुड़े दूसरे प्रत्याशी के समर्थकों ने करीब 50 राउंड फायरिंग की। बीस से अधिक वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए। कानपुर किदवई नगर से भाजपा विधायक ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी भाभी के समर्थन में आए थे। सूचना पर डीएम व एसपी मौके पर पहुंचे और मतदान कराया। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने लाठी पटककर उपद्रवियों को खदेड़ा।
सरवनखेड़ा में भाजपा ने ब्लॉक प्रमुख के लिए प्रत्याशी घोषित नहीं किया था। इससे किदवईनगर कानपुर से भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी की भाभी माया त्रिवेदी व पार्टी से ही जुड़े अतुल चंदेल की पत्नी उर्वशी सिंह चुनाव मैदान में आमने सामने थीं। टिकट मांगने से लेकर नामांकन तक दोनों के बीच खूब तनातनी रही। मतदान में शनिवार को सबसे पहले विधायक की भाभी के पक्ष के वोट पड़ गए।
मतदान केंद्र के रास्ते में बगीचे में विधायक महेश त्रिवेदी अपने समर्थकों के साथ डेरा डाले थे। इस दौरान इसी रास्ते से उर्वशी सिंह के खेमे के क्षेत्र पंचायत सदस्य करीब 12 बजे वोट डालने निकले तो उन्हें विधायक के समर्थकों ने रोक लिया। साथ ही वोट डालने से मना करते हुए लौटने के लिए कहा। दोनों पक्षों में इस बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
कुछ ही देर में पथराव व फायरिंग शुरू हो गई। दोनों पक्षों से करीब 50 राउंड हवाई फायरिंग हुई। वहीं दोनों पक्षों के समर्थकों ने बीस से अधिक वाहनों में तोड़फोड़ की। इसकी जानकारी पर डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह व एसपी केशव कुमार चौधरी भारी पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे, साथ ही वहां मतदान कराया।
पुलिस ने लाठी पटक कर उपद्रवियों को मौके से खदेड़ा। दोनों पक्षों में किसी ने शाम तक तहरीर नहीं दी। इंस्पेक्टर गंगा सिंह यादव ने बताया कि दोनों तरफ से पथराव हुआ है। अभी तक किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।
प्रत्याशी माया त्रिवेदी के पति उमेश त्रिवेदी ने बताया कि मतदान के बाद समर्थकों के साथ बगीचे के पास बैठे थे, गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी थीं। इस बीच दूसरे पक्ष के समर्थकों ने आकर तोड़फोड़ शुरु कर दी। जवाब में समर्थकों ने पथराव किया है।
उधर प्रत्याशी उर्वशी सिंह के पति अतुल सिंह ने बताया कि माया त्रिवेदी की तरफ से विधायक बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ आए थे। वोट डालने जाने के दौरान उनके समर्थकों ने रोक कर मारपीट और गाड़ियों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इससे भगदड़ मच गई। इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दी। डीएम, एसपी के आने के बाद वोट डालने का मौका मिला।
सरवनखेड़ा में बवाल होने की सूचना पर डीएम के साथ मौके पर गया था। तब वहां माहौल शांत था एकत्र लोगों को चेतावनी देकर भगा दिया गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर फायरिंग व पथराव होने की जानकारी दी है। किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस को जांच करने के निर्देश दिए हैं। अगर फायरिंग हुई तो संबंधित लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। - केशव कुमार चौधरी, एसपी