भाजपा बसपा समर्थक भिड़े, जमकर हुई नारेबाजी
- फोटो : अमर उजाला
नामांकन से पहले फतेहपुर के पटेल नगर चौराहे पर भाजपा और बसपा समर्थक एक-दूसरे से भिड़ गए। इनमें तीखी नारेबाजी, हाथापाई शुरू हो गई। पुलिस के न संभलने पर अर्द्ध सैन्य बल पहुंचा। उसने लाठी भांजकर दोनों पक्ष के लोगों को तितर-बितर किया। इसके बाद भी घंटों दूर-दूर खड़े होकर समर्थक नारेबाजी करते रहे। प्रशासन ने इसकी वीडियोग्राफी भी कराई है।
भाजपा ने शुक्रवार को सामूहिक नामांकन की घोषणा की थी। इस वजह से ओम गार्डन के पास जिला कार्यालय से सभी जुलूस रूप में गली-गली होते हुए पटेल चौराहा पहुंचे। इधर, बसपा समर्थक आईटीआई रोड होते हुए पटेल नगर चौराहा पहुंचे। वहां आमना-सामना होते ही एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी होने लगी। देखते ही देखते दायरा कम हुआ और दोनों पक्ष भिड़ गए। समर्थकों के बीच गाली गलौज, हाथापाई होने लगी। बेरीकेडिंग के पास मौजूद सीओ सिटी समरबहादुर और एसओ मलवां विजय प्रताप सिंह बीच-बचाव को पहुंचे। पुलिस की मदद के लिए फोर्स आ पहुंची और हालात संभाला। जवानों ने आईटीआई रोड पर काफी दूर तक बसपा समर्थकों को खदेड़ा और नहर विभाग रोड की ओर भाजपा समर्थकों को दौड़ाया गया। कोतवाल महेश पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से तहरीर नहीं आई है। मामले की अधिकारियों को जानकारी दी गई है। निर्देश मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।