कानपुर में बर्ड फ्लू के फैलने की आशंका पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। चिड़ियाघर में वन्य जीवों के साथ ही बाहरी पक्षियों पर संक्रमण के खतरे पर नियंत्रण के लिए इंडियन वेटेरिनरी रिसर्च इंटीट्यूट (आईवीआरआई) को बुलाया गया है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने संस्थान के निदेशक को पत्र लिखा है। टीम मंगलवार को चिड़ियाघर के वन्य जीवों और पोल्ट्री फार्म के मुर्गा-मुर्गियों की जांच करने शहर आ सकती है।
इसके साथ ही पशुपालन विभाग ने सोमवार को शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में निरीक्षण कर कुल 70 पक्षियों के नमूने जांच के लिए बरेली के आईवीआरआई लैब भेजे हैं। रविवार को 200 पक्षियों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। पोल्ट्री फार्मों में बर्ड फ्लू की रैंडम जांच के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में 10 तथा शहरी क्षेत्रों में तीन कुल 13 टीमें लगातार जांच कर रही हैं। मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ.आईडीएन चतुर्वेदी ने बताया कि अब तक कहीं भी अस्वाभाविक रूप से पक्षियों की मृत्यु तथा असामान्य स्थिति नहीं पाई गई है। चिड़ियाघर के आसपास एक किलोमीटर के दायरे में मीट की दुकानें बंद कराई गई हैं।