डेरापुर। हाईवे पर मुंगीसापुर कस्बे के भड़पुरा मोड़ के पास शुक्रवार को बाइक सवार टप्पेबाजों ने पैदल जा रहे एक युवक पर नशीला स्प्रे छिड़क दिया। युवक के अचेत होने पर बाइक सवार उसे साथ बैठाकर ले गए और कुछ दूर पर जेब में पड़ी नकदी निकाल उसे छोड़ कर भाग गए। होश में आने पर पीड़ित ने घटना की जानकारी परिजन को दी।
रूरा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 11 जवाहर नगर निवासी प्रताप राठौर ने बताया कि वह आठ जुलाई को भड़पुरा स्थित दामाद वीरेंद्र राठौर के घर पर आए थे। शुक्रवार सुबह वह दामाद के घर से तीन सौ मीटर दूर हाईवे पर स्थित चाय समोसे की दुकान पर गए थे। सुबह 11 बजे वहां से घर लौटते समय भड़पुरा मोड़ के पास पीछे से बाइक सवार दो युवक आए और उनके पास बाइक रोककर उनके ऊपर नशीला स्प्रे कर दिया। जिसके बाद वह अपनी सुधबुध खो बैठे। तभी दोनों युवकों ने उन्हें बाइक पर लेकर चल दिए।
काफी देर बाद जब उन्हें होश आया तो उसने अपने को हाईवे की सर्विस लेन पर कैरामऊ मोड़ पर पड़ा पाया। उन्होंने अपनी जेब देखी तो जेब से 4500 रुपये गायब थे। किसी तरह वह घर पहुंचे और दामाद को घटना की जानकारी दी। डेरापुर थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि पीड़ित ने घटना की कोई सूचना नहीं दी है। अगर तहरीर मिलती है तो मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।