चित्रकूट। किसानों ने बिजली कनेक्शन देने में जान बूझकर देरी करने का आरोप अधिशाषी अभियंता पर लगाते हुए एसडीएम व विधायक को ज्ञापन दिया और जल्द से जल्द संयोजन की मांग की।
भैसौंध के अशोक कुमार, गोडा कबरा पुरवा निवासी रामनरेश ने बताया कि किसानों के बिजली कनेक्शन देने में अधिशाषी अभियंता जान बूझ कर देरी कर रहे हैं। पूछने पर कोई जानकारी नहीं दे रहे हैं। यही हाल रहा तो धान की रोपाई नहीं हो पाएगी। इससे किसानों को आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।
अधीक्षण अभियंता से इस बात को बताया तो उन्होंने भी कोई जवाब नहीं दिया। बताया कि संयोजन नहीं हुआ तो विभाग के खिलाफ धरना प्रदर्शन करेगें। कार्रवाई न होने पर आत्महत्या कर लेगें। इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी। अधिशाषी अभियंता मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मुझको एक दिन पहले ही फाइल मिली है। इसकी जांच कर संयोजन किया जाएगा। इस मौके पर रामफल, महेश, लीलावती, कौशल यादव आदि किसान मौजूद रहे।