Farrukhabad News: राजेपुर कस्बे में शरारती तत्वों ने बुद्ध व अंबेडकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पर तहसीलदार और पुलिस मौके पर पहुंची है। प्रतिमाओं की मरम्मत करवाई गई है। साथ ही, मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर में गौतम बुद्ध व अंबेडकर की प्रतिमा को शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार ने मामले की जानकारी की। पुलिस ने राजमिस्त्री को बुलाकर प्रतिमा की मरम्मत करवाई है। ग्राम पंचायत उजरामऊ नयागांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर विचार समिति की ओर से गौतम बुद्ध व अंबेडकर की प्रतिमा लगाई गई है।
विज्ञापन
बीती रात किसी ने अंबेडकर की प्रतिमा के दाहिने हाथ का अंगूठा व चश्मा और गौतम बुद्ध के हाथ की उंगली ईंट के प्रहार से क्षतिग्रस्त कर दी। सुबह ग्रामीणों ने प्रतिमा क्षतिग्रस्त देखकर पुलिस को जानकारी दी। सूचना प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद कामिल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने राज-मिस्त्री बुलाकर मरम्मत का काम शुरू करवाया।
गांव के महेश ने बताया रात लगभग एक बजे अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग आए थे। उन्होंने मृर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना को देखते हुए मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई है। इंस्पेक्टर ने बताया किसी शरारती तत्व ने मूर्ति को क्षति पहुंचाई है। मामले में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।