झींझक। शादी के दिन हुए विवाद के बाद चौथी की रश्म अदा करने आ रहे वधू पक्ष के लोगों को बाइक सवारों ने रास्ता रोक कर पीट दिया। मारपीट में दो लोग घायल हो गए।
डेरापुर थाना के हथूमा निवासी बृजेंद्र की पुत्री अंजली के शादी 28 मई को मंगलपुर थाना के अनंतपुर निवासी शिवम पुत्र राजू के साथ हुई थी। शादी में द्वार चार की रश्म के दौरान वर व वधू पक्ष के लोगों में विवाद हो गया था। जो बाद में लोगों के समझाने पर निपट गया था। रविवार को हथूमा निवासी वधू के चाचा सर्वेश व अमित, ताऊ रविंद्र व बाबा चुन्नी लाल कार से चौथी की रश्म पूरी करने अनंतपुर आ रहे थे।
चंदकुार के पास पहुंचने पर दो बाइकों पर सवार पांच युवकों ने रास्ता रोक लिया। इसके बाद कार सवारों के साथ मारपीट कर दी। जिसमें सर्वेश व रविंद्र घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को झींझक सीएचसी पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने सर्वेश की हालत नाजुक देख मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। निरीक्षक मंगलपुर दिलीप कुमार बिंद ने बताया कि मामले में तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।