इटावा जिले के इकदिल थाना क्षेत्र में मानिकपुर मोड़ पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक ढाबा संचालक की मौत हो गई। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। मां-बाप का इकलौता बेटा होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पक्काबाग क्षेत्र के विकास कॉलोनी भाग-3 निवासी शिक्षक दिनेश पांडेय का 24 वर्षीय पुत्र गोविंद पांडेय उर्फ टीटू कानपुर हाईवे पर पिलखर के पास श्री महादेव नाम से ढाबा चलाता था। शनिवार रात गोविंद ढाबे से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था।
जैसे ही वह मानिकपुर मोड़ के पास पहुंचा तभी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची इकदिल थाना पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। गोविंद पांडेय अपने मां बाप का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है। पिता दिनेश पांडेय के साथ मां रजनी पांडेय और बहन शैली का रो-रोकर बुरा हाल है।
29 जून को हुई थी शादी
शिक्षक दिनेश पांडेय ने गोविंद की शादी 29 जून को की थी। घर में आई दुल्हन के हाथों की अभी मेहंदी भी नहीं छूट पायी थी और हादसे ने उसका सुहाग छीन लिया। पति की मौत से पत्नी गौरी बेसुध है। घर परिवार के लोग उसे सांत्वना दे रहे हैं, लेकिन नवविवाहिता अपने पति के साथ हुए हादसे को भूल नहीं पा रही है।