रूरा। रोशनमऊ-मड़ौली मार्ग पर मंगलवार की रात 10 बजे के तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
डेरापुर ब्लॉक के बनीपारा वंशीनिवादा निवासी किसान रामजी कुशवाहा ने बताया कि बेटा राघवेंद्र (17) मंगलवार रात को गांव निवासी अपने दोस्त राघवेंद्र के साथ रूरा थानाक्षेत्र के रोशनमऊ निवासी साले के बेटे को लेने उनके घर जा रहा था। रास्ते में पुत्तीपुरवा गांव के सामने किसी वाहन ने बेटे की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बेटा व उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उसे उपचार के लिए रूरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया यहां से दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बेटे की हालत ठीक न होने पर देर रात को उसको कानपुर के हैलट अस्पताल को रेफर किया लेकिन बेटे ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
अनहोनी पर राघवेंद्र की मां सीमा, भाई सोमेंद्र व बाबू रोते-बिलखते रहे। इधर बुधवार घटना की जानकारी परिवार के लोगों ने पुलिस को दी। थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज ने बताया कि परिजन वाहन की टक्कर से हादसा होना बता रहे हैं, जबकि आसपास के लोगों ने बाइक के पोल से टकरा जाने की बात बताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएंगी।