ताखा। जसवंतनगर से ऊसराहार एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे युवक की बाइक सामने आ रही ट्रैक्टर में लगी गेहूं बुवाई की मशीन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठा साला घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की है। चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। युवक हेलमेट लगाए हुआ था, लेकिन युवक का सिर मशीन में टकराने से हेलमेट टूट गया।
नीरज कुमार (28) निवासी राजपुर जसवंतनगर मंगलवार रात ऊसराहार के नगला महासिंह स्थित ससुराल में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। रास्ते में चौपला समथर मार्ग पर समथर के समीप नहर कोठी के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर में गेहूं बुवाई की मशीन के बाहरी हिस्से की चपेट में आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठा साला सत्यभान प्रजापति निवासी नगला महासिंह घायल हो गया।
सत्यभान ने बताया कि ट्रैक्टर में लगी मशीन अंधेरे में दिखाई न पड़ने की वजह से हादसा हो गया। पैर और पेट में गंभीर चोटें आईं हैं। सत्यभान ने बताया कि उसके बहनोई नीरज जेवर भी पहने हुए थे। इसमें से कुछ गायब मिले हैं। उन्होंने ट्रैक्टर और उसके चालक की पहचान करने का दावा भी किया है। एसओ बलराज भाटी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रैक्टर मालिक का पता किया जा रहा है। परिजनों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।