शुक्लागंज। कोतवाली गंगाघाट के चंद्रशेखर आजाद मार्ग पर गजियाखेड़ा मोड़ के निकट डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार बिजली मिस्त्री की मौत हो गई। हेलमेट न लगाए होने से उसके सिर में गंभीर चोटें आईं थीं।
जाजमऊ पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम पहाड़ापुर निवासी राजेंद्र निषाद (30) पुत्र रमेश निषाद रोज की तरह कानपुर से गुरुवार देर रात बाइक से घर को लौट रहा था। जैसे ही बाइक गजियाखेड़ा मोड़ के पास पहुंची तभी पीछे से आई डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक तो दूर जा गिरी पर वह डीसीएम के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डीसीएम लेकर भाग निकला। आसपास के लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
राजेंद्र की पत्नी सुशीला ने बताया कि वह प्राइवेट बिजली मिस्त्री थे और इन दिनों कानपुर में एक साइट पर काम कर रहे थे। उसकी दो बेटियां आराध्या ढाई वर्ष व अनाएशा दो माह की हैं। मां प्रेमावती ने बताया कि वह तीन बेटियों में इकलौता बेटा था। पोस्टमार्टम के बाद शव जैसे ही घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। कोतवाली प्रभारी गंगाघाट अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन व चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
मृतक राजेंद्र के रोते-बिलखते परिजन। - फोटो : SHUKLGANJ