आटा। ससुराल से वापस लौट रहे युवक की बाइक भैंस से टकरा गई। हादसे में वह सड़क पर गिर पड़ा और सिर में गंभीर चोट आई। कुछ ही देर बाद मौके पर ही ही उसकी मौत हो गई। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने युवक की पहचान कर परिजनों को जानकारी दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की खबर से घर में कोहराम मच गया।
थाना क्षेत्र के परासन के मजरा भडऱा डेरा निवासी राम सिंह(25) मंगलवार को ससुराल हमीरपुर जनपद के जरिया थाना क्षेत्र के इस्लामपुर गया था। बुधवार की शाम वह बाइक से परासन लौट रहा था। बाइक जब हमीरपुर के शिलाजीत खेड़ा गांव के पास पहुंची। तभी भैंस से बाइक टकरा गई और युवक सड़क पर गिर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक की पहचान कराकर परिजनों व ससुरालियों को हादसे की जानकारी दी। जिससे दोनों जगह कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि राम सिंह की शादी तीन साल पहले हुई थी। उसका एक वर्ष का पुत्र भी है। वह ईट भट्टे में मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था।
------------
अराजक तत्वों ने चबूतरे में की तोड़फोड़
आटा। थाना क्षेत्र के चमारी गांव में पूर्व प्रधान सीमा द्विवेदी के घर के बाहर बने देव स्थान के चबूतरे पर बुधवार की रात कुछ अराजक तत्वों ने तोड़फोड़ कर दी। सुबह लोगों ने देव स्थान चबूतरे को टूटा देखा तो अफरातफरी मच गई। गांव के लोगों ने इसकी फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। वहीं, सूचना पाकर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर मंदिर को बनवाने की बात कही। पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। अराजक तत्वों की तलाश की जा रही है। (संवाद)