बकेवर। महेवा अंदावा मार्ग पर रविवार शाम बाइक फिसलकर खड्ड में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को महेवा सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। युवक हेलमेट नहीं लगाए था।
बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम अंदावा की मड़ैया निवासी मुंशीलाल (18) पुत्र गुरचरण निषाद अपने गांव के दो साथियों सुबोध व हरेंद्र के साथ बाइक से अंदावा की मड़ैया से महेवा जा रहा था। रविवार शाम करीब पांच बजे अंदावा से करीब चार किलोमीटर आगे मेहंदीपुर गांव के पास मोड़ पर तेज रफ्तार बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इससे बाइक फिसलती हुई खड्ड में दूर जा गिरी। बाइक पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर तीनों को महेवा सीएचसी भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने मुंशीलाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुबोध व हरेंद्र को जिला अस्पताल रेफर किया है। पिता गुरुचरण ने बताया कि मुंशीलाल एक रिश्तेदार की बाइक लेकर आया था। सूचना पर महेवा चौकी इंचार्ज केपी सिंह में शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
बाइक में कार ने मारी टक्कर, युवक की मौत
जसवंतनगर। बहन के घर से लौट रहे एक युवक ने जौनई गांव के पास बाइक में कार ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई। गोविंद (27) निवासी गांव मुढ़ेना रूपशाह, अनंतराम, औरैया अपनी बहन सोनम की ससुराल गढ़िया जैनपुर कठफोरी फिरोजाबाद चार दिन पहले गया था। रविवार सुबह वह बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में कानपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर जौनई गांव के पास आगरा की ओर से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में घायल युवक को सीएचसी ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के जीजा हरि प्रकाश ने बताया कि गोविंद खेती-किसानी करता था। उपनिरीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि कार का चालक गाजियाबाद का निवासी है। पूछताछ में पता चला है कि अस्पताल उसने ही गोविंद को पहुंचाया था। इसके बाद वह चला गया। गोविंद के जीजा ने तहरीर दी है। रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)