संवाद न्यूज एजेंसी
राजपुर (कानपुर देहात)। शाहजहांपुर-सट्टी मार्ग पर सट्टी बंबी के पास खेत से सड़क पर चढ़ रहे ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सट्टी निवासी अनस (22) पुत्र फहीम बुधवार शाम को अपने दोस्त पिंटू कुरैशी उर्फ हसन (35) पुत्र हनीफ निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी इटावा व सट्टी निवासी मुस्तफा आलम (36) पुत्र शफीक के साथ बाइक से शाहजहांपुर से सट्टी लौट रहा था।
शाम सात बजे के करीब सट्टी बंबी के पास पहुंचने पर खेत जोतकर सड़क पर चढ़ रहे ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को शाहजहांपुर के एक निजी अस्पताल ले गई।
वहां डॉक्टर ने पिंटू व अनस को मृत घोषित कर दिया। जबकि मुस्तफा को गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में लिया है। थाना प्रभारी संजेश कुमार ने बताया कि हादसा कर भागे चालक की तलाश की जा रही है।