रसूलाबाद। थाना क्षेत्र के असालतगंज के पास तेज रफ्तार बाइक सवार बेकाबू होकर सड़क किनारे बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि साथी घायल हो गया।
झींझक के छतरसा निवासी शिवकांत (24) सोमवार देर रात साढ़े आठ बजे के करीब अपने साथी गांव के अनुज (23) के साथ बाइक से मामा के घर मटौना बिल्हौर से लौट रहा था। असालतगंज के निकट पहुंचने पर उनकी बाइक बेकाबू होकर सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में गिर कर दोनों घायल हो गए।
हादसे की जानकारी पर पुलिस दोनों को लेकर सीएचसी रसूलाबाद पहुंची। यहां पर डॉ. सौरभ शाक्य ने शिवकांत को मृत घोषित कर अनुज का इलाज किया। घटना की जानकारी पर परिवार के लोग पहुंचे। मृतक की पत्नी भारती पाल, मां रामवती, भाई राहुल बिलखते रहे। भाई राहुल ने बताया कि शिवकांत जयपुर में प्राइवेट नौकरी करता था। होली की छुट्टी में घर आया था। थाना प्रभारी मुकेश कुमार सोलंकी ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।