कान्हा होटल ग्रुप और ट्रांसपोर्ट सर्विस संचालक राजिंदर सिंह छाबड़ा और उनके भाई गुरदीप सिंह छाबड़ा के सभी नौ ठिकानों पर शुक्रवार को भी आयकर की जांच जारी रही। कानपुर में गुरुवार को आयकर छापा मारा गया था। बीते 36 घंटों से यहां 30 से ज्यादा अफसरों की टीम डेरा डाले हुए है। सभी परिसरों से अब तक करीब पौने दो करोड़ रुपये कैश की बरामदगी हो चुकी है। नोटों की पुख्ता संख्या जानने के लिए गिनती जारी है। डिजिटल युग में इतना कैश मिलने से अफसर भी हैरान हैं।
आयकर विभाग के सूत्र बताते हैं कि दस्तावेजों में भारी गड़बड़ी पाए जाने की वजह से जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। अफसरों को कुछ ऐसे दस्तावेज भी हाथ लगे हैं जिसमें बेनामी संपत्ति की ओर से इशारा है। हालांकि यह जांच के बाद ही पुष्ट हो पाएगा। इनके परिसरों से मिले 10 अचल संपत्तियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। एक टीम इन संपत्तियों की प्रोफेशनल वैल्युअर से कीमत आंक रही है। घर के कई लोगों के मोबाइल, ऑफिस और घर में लगे कंप्यूटरों की हार्ड डिस्क, कर्मचारियों के लैपटॉप जब्त कर लिए गए हैं। खातों में जमा रकम का विवरण जुटाया गया है। आयकर अफसरों को बड़ी सफलता हाथ लगने की उम्मीद है।
नहीं खुल सके लॉकर
जांच का दायरा बढ़ने की वजह से शुक्रवार को व्यवसायी बंधुओं के विभिन्न बैंकों मे मिले लॉकर खोले नहीं जा सके। अफसरों ने इन्हें फिलहाल सील करा दिया है। माना जा रहा है कि छापे वाले परिसरों को छोड़ने के बाद ही लॉकर खोले जाएंगे। संभव इनका नंबर अब सोमवार तक आएगा। बैंक लॉकरों में ज्वैलरी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
महानिदेशक खुद कर रहे मॉनीटरिंग
सूत्र बताते हैं कि आयकर विभाग की शहर में लंबे समय बाद हुई इस बड़ी कार्रवाई की निगरानी खुद आयकर महानिदेशक (जांच) अमरेंद्र कुमार कर रहे हैं। संयुक्त निदेशक अमरेश कुमार तिवारी फील्ड में मौजूद अफसरों से पल पल की जानकारी जुटा रहे हैं। मौके पर मौजूद टीमों की मॉनीटरिंग उपनिदेशक वेद प्रकाश, सहायक निदेशक केके मिश्रा, डा. सौरभ आनंद के हवाले है। सभी ठिकानों पर अफसरों के साथ पुलिस व पीएसी के जवान भी तैनात हैं।
यहां चल रही है जांच
जीटी रोड पर कोकाकोला चौराहे के पास स्थित होटल कान्हा गैलेक्सी, कान्हा कान्टीनेंटल और कान्हा इंटरनेशनल होटल, राजिंदर सिंह छाबड़ा के मॉडल टाउन स्थित आवास, उनके भाई गुरदीप सिंह के गुमटी स्थित घर और जीटी रोड पर बने दो ऑफिस, राजिंदर (छाबड़ा) बस सर्विस के कोकाकोला चौराहा स्थित ऑफिस, जीटी रोड पर ही आरबीएस मोटरसाइकिल के शोरूम।