महोबा में साथ जाने का विरोध करने पर जेठ ने चलती आटो में बहू पर चाकू से हमला कर लहूलुहान कर दिया। बाद में स्वयं सल्फास खाकर जान दे दी। गंभीर हालत में बहू को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जनपद हमीरपुर के ग्राम इंगोहटा निवासी रोशनी (23) की शादी तीन वर्ष पहले बांदा जिले के निवादाखुड़ा निवासी शिवपाल साहू के साथ हुई थी। शादी के बाद शिवपाल मजूदरी के लिए लुधियाना चला गया था। जेठ सूरजपाल (38) पुत्र बसंता द्वारा आए दिन परेशान किए जाने से नाराज होकर रोशनी दो वर्ष पहले अपने मायके आ गई थी।