यूपी के कानपुर में रविवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। अब तक इस हादसे में चार लोगों की मौत बताई जा रही है जबकि 3 से ज्यादा गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा सुबह करीब 5 बजे पनकी इलाके में हुआ।
कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र के न्यू ट्रान्सपोर्ट आरटीओ के पास डीसीएम ने एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जिस जगह पर यह हादसा हुआ वहां अक्सर ही दुर्घटनाएं होती हैं। इसकी वजह है अवैध मौरंग मंडी। अभी पिछले साल बरात में शामिल होने आए 3 बच्चों की इसी मौरंग मंडी के चलते भाटिया तिराहे के पास दुर्घटना में जान चली गई थी।
रविवार को फिर इसी अवैध मौरंग मंडी के कारण ई-रिक्शा में सवार 4 लोगों की डीसीएम की टक्कर से मौत हुई। पनकी न्यू ट्रांसपोर्ट नगर आरटीओ के पास सैकड़ों गाड़ियां सुबह रोड के दोनों तरफ खड़ी हो जाती हैं इसकी वजह से मौरंग लदे ट्रक बैक करने के दौरान डीसीएम वाले ने अपने को बचाने के लिए उल्टी दिशा की ओर गाड़ी काट दी। जिससे अपनी साइड से आ रहे ई-रिक्शा चपेट में आ गया जिसमें बैठे 7 लोगों में 4 लोगों की मौत हो गई जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जिस जगह पर यह दुर्घटना हुई है वहां काल बनकर यमदूत हमेशा बैठे रहते हैं। घटनास्थल अक्सर लोगों की मौत का कारण बनता है।