उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, बांदा के कमासिन में निमंत्रण में जा रहे बाइक सवार चाचा-भतीजे समेत तीन लोगों की सामने से आए बालू लदे ट्रैक्टर से भिड़ंत हो गई। हादसे में तीनों की मौत हो गई।
कमासिन थाना इंस्पेक्टर भास्कर मिश्र ने बताया कि बबेरू कोतवाली क्षेत्र के परसौली गांव निवासी रामप्रताप यादव (55) अपने भतीजे रामजस यादव (21) व सुरेश यादव (22) के साथ एक ही बाइक से अपने गांव से रविवार की देर शाम साढ़े सात बजे कमासिन थाना क्षेत्र के बीरा गांव निवासी शिवसेवक यादव के यहां निमंत्रण में जा रहे थे।
कमासिन-दादौं मार्ग पर स्थित महाविद्यालय के सामने पछौंहा गांव की ओर से आए बालू लदे ट्रैक्टर से उनकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में तीनों गंभीर बाइक सवार गंभीर घायल हो गए।
सूचना पर थाने के एसआई जाबिर खां व राजधर यादव मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी कमासिन पहुंचाया। यहां तैनात डॉक्टर ने तीनों को देखते ही मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक बालू से लदी ट्रैक्टर ट्राली को छोड़कर, ट्रैक्टर लेकर भाग निकला है। कमासिन थाना इंस्पेक्टर भाष्कर मिश्र ने बताया कि ट्रैक्टर चालक के घर में दबिश दी गई है। एक ही बाइक पर तीनों सवार थे। वह हेलमेट नहीं लगाए थे। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दी है।
यातायात नियमों का उल्लंघन जान पर पड़ा भारी
यातायात नियमों का उल्लंघन बाइक सवार चाचा और भतीजों के जीवन पर भारी पड़ गया। बेपरवाही ने तीनों की जान ले ली। देर शाम बबेरू के परसौली गांव से पहुंचे परिजनों ने बताया कि रामप्रताप यादव पेशे से किसान हैं। वह अपने दो भतीजों के साथ कमासिन थाना क्षेत्र के बीरा गांव निवासी रिश्तेदार शिवसेवक यादव के यहां निमंत्रण में जा रहे थे।
यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए तीनों एक ही बाइक में सवार थे। हेलमेट भी नहीं लगाए थे। उधर, सामने से आए बालू से भरे ट्रैक्टर से उनकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। जिस तरह से हादसा हुआ उससे साफ है कि दोनों वाहनों की रफ्तार भी अधिक रही होगी। परिजनों को जानकारी हुई तो सीएचसी पहुंचे। कमासिन थाना इंस्पेक्टर भाष्कर मिश्र ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लघंन तो है, पर ज्यादा गलती ट्रैक्टर चालक की समझ में आई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।