भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद भूपेंद्र चौधरी पहली बार कानपुर पहुंचे। शताब्दी एक्सप्रेस से सेंट्रल स्टेशन पहुंचते ही उनका जोरदार स्वागत हुआ। इस दौरान समर्थकों की भीड़ बढ़ने से धक्का-मुक्की होने लगी। बीच में फंसकर पार्टी की कार्यकर्ता संध्या मिश्रा बेहोश होकर गिर गईं। जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।
बताते चलें कि भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी की पहली महानगर यात्रा पार्टी की सदस्य संख्या बढ़ाने और सपा व बसपा के गढ़ में सेंध लगाने के उद्देश्य से हो रही है। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी 21 जनपदों से जुड़े पदाधिकारियों के साथ प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने बैठक की।
भूपेंद्र चौधरी ने भाजपा के क्षेत्रीय मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि आने वाले चुनाव में समाजवादी पार्टी पूरी तरह से साफ होने जा रही है। उसके सभी कार्यकर्ता, विधायक पदाधिकारी सभी भाजपा के संपर्क में हैं। कहा कि अखिलेश यादव को सबसे पहले अपने गठबंधन के साथियों, परिवार और पार्टी को संभालना चाहिए।
कांग्रेस पहले अपनी पार्टी जोड़े, फिर भारत जोड़े
नौबस्ता में पार्टी के पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि किसान आंदोलन के नाम पर विपक्षी पार्टियां जो कुछ भी कर रही हैं, उसका जनता में कोई असर नहीं है। कांग्रेस के भारत जोड़ो अभियान को लेकर कहा कि कांग्रेस को चाहिए कि पहले वह अपनी पार्टी को जोड़ ले उसके बाद भारत जोड़ों की बात करें। उन्होंने आगामी चुनावों की रणनीति बताई। इस दौरान प्रियंका रावत, विजय बहादुर पाठक, सलिल विश्नोई ,कमलावती सिंह, देवेश कोरी, मानवेंद्र सिंह, प्रमिला पांडेय, महेश त्रिवेदी, सुरेंद्र मैथानी, नीलिमा कटियार, अरुण पाठक, सुरेश अवस्थी, रघुनंदन भदौरिया, मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।