आयुष के अंतर्गत आने वाले होम्योपैथिक चिकित्सा के इंटर्न के मानदेय में बढ़ोतरी की मांग को लेकर गुरुवार को राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय के बीएचएमएस छात्रों ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने कहा कि अन्य चिकित्सा पद्धतियों के इंटर्न को मिलने वाले मानदेय की तुलना में आयुष इंटर्न का मानदेय काफी कम है। उन्होंने इसे बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की।
नियमों के अनुसार समान मानदेय की मांग
छात्रों ने राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग के वर्ष 2022 के नियमों का हवाला देते हुए कहा कि इंटर्न का मानदेय अन्य चिकित्सा पद्धतियों के इंटर्न के समान होना चाहिए। छात्रों का कहना है कि वे किसी विशेष सुविधा की मांग नहीं कर रहे हैं, बल्कि समानता और सरकार की ओर से बनाए गए नियमों के पालन की मांग कर रहे हैं।
19 राजकीय महाविद्यालयों में भी सौंपा ज्ञापन
छात्रों ने बताया कि मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर निदेशक होम्योपैथी के अलावा प्रदेश के 19 संबंधित राजकीय महाविद्यालयों के प्राचार्यों को भी ज्ञापन दिया गया है। मांग के समर्थन में विभिन्न स्थानों पर शांतिपूर्ण रैलियां और अन्य कार्यक्रम भी किए जा रहे हैं। छात्रों ने सरकार से आयुष इंटर्न के मानदेय को बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की है। उनका कहना है कि समान कार्य के लिए समान मानदेय की व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।