कानपुर देहात। अगले साल के अंत तक जिले के सरवनखेड़ा ब्लॉक स्थित रसूलपुर गोगूमऊ से प्रदेश के 35 से 40 जिलों में रसोई गैस सिलिंडर की आपूर्ति होने लगेगी। रसूलपुर गोगूमऊ में भारत पेट्रोलियम लिमिटेड की ओर से रसोई गैस बॉटलिंग प्लांट निर्माण का काम तेजी से जारी है। प्लांट के सिविल वर्क के बाद अब कंपनी ने प्रदेश सरकार से इसके विस्तार के लिए 600 करोड़ का अनुबंध (एमओयू) साइन किया गया। बॉटलिंग प्लांट के शुरू होने से जिले में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
प्रदेश सरकार की औद्योगिक निवेश एवं रोजगार प्रोत्साहन नीति में इंवेस्टर्स समिट के जरिये जिले में उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी के तहत जिले में कई बड़े उद्योगों की भागीदारी बढ़ रही है। पूर्व में प्रदेश सरकार से करार और ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी) के बाद जिले में करीब पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक के उद्योग धरातल पर उतरने शुरू हुए हैं। भारत पेट्रोलियम ने भी पूर्व में यहां रसोई गैस बॉटलिंग प्लांट निर्माण के लिए प्रदेश सरकार से दो चरणों में एमओयू का प्रस्ताव दिया था। पहले चरण में कंपनी ने 283 करोड़ रुपये का एमओयू साइन किया था। इसके तहत पिछले एक साल से कंपनी प्लांट में 283 करोड़ रुपये से सिविल वर्क, मशीनें लगाने, टैंक निर्माण आदि के काम करा रही है। मशीनें लगने का करीब 50 फीसदी काम पूरा हो गया है।
अब प्लांट विस्तार के दूसरे चरण के लिए कंपनी ने जीसीबी-5 में 600 करोड़ का नया एमओयू साइन किया है। प्लांट विस्तार के लिए उप्र राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) तीन गांवों की कुल 23 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहीत कर पेट्रोलियम कंपनी को उपलब्ध करा चुका है। कंपनी की ओर से बाकी 50 फीसदी काम भी शुरू करा दिया गया है। तीन महीने में बाकी बचा 50 फीसदी काम भी पूरा होने की उम्मीद है। कंपनी सूत्रों के मुताबिक पूरी क्षमता से एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति 2026 के अंत तक शुरू करने का लक्ष्य है। प्लांट की क्षमता प्रतिदिन करीब 10 हजार सिलिंडर होगी। प्लांट में एलपीजी स्टोर करने की व्यवस्था भी रहेगी। मध्य व पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में इसी प्लांट से गैस सिलिंडर की आपूर्ति होगी।
......................
सुगम होगी रसोई गैस सिलिंडर की आपूर्ति
भारत पेट्रोलियम के बाॅटलिंग प्लांट में पूरी क्षमता से गैस सिलिंडर आपूर्ति इस साल के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है। कानपुर देहात, कानपुर, लखनऊ समेत 35 से 40 जिलों में यहां से एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति की जाएगी। रोजगार के अवसरों के साथ ही ट्रांसपोर्टेशन को बढ़ावा मिलेगा। रसोई गैस सिलिंडर भरने का प्लांट शुरू होगा तो सिलिंडर के ऊपर लगने वाली सुरक्षा कैप की आपूर्ति के लिए भी उद्यम लगेगा। - मोहम्मद सऊद, उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र
......................
बॉटलिंग प्लांट में तेज गति से हो रहा निर्माण
प्लांट में 283 करोड़ रुपये से सिविल वर्क कराया जा रहा है। इसके बाद 600 करोड़ से रसोई गैस बॉटलिंग प्लांट बनेगा। यह कार्य ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी -5 के तहत हुए एमओयू के अंतर्गत हो रहा है। - नवनीत कुमार, मुख्यमंत्री निवेश मित्र
........................
जीबीसी-5 में हुए इन एमओयू पर भी काम शुरू
ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी-5 में जिले की आनंदेश्वर इंडस्ट्रीज ने पेपर एंड क्राफ्ट उद्यम के लिए 80 करोड़ के एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। इसमें फरवरी 2026 में उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है। वहीं, एनवी रिफाइनरी ने खाद्य तेल उद्यम के लिए 20 करोड़ का एमओयू किया है। इसमें अप्रैल 2026 में उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है। इसके अलावा काठा इंडस्ट्रीज ने नमकीन उद्यम और बृजराज फूड्स ने चार-चार करोड़ के एमओयू किए हैं। इनमें जनवरी 2026 में उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है।