भारत बंद के समर्थन में प्रदर्शन करते विभिन्न संगठनों के युवक
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के उन्नाव जिले में गुरुवार को भारत बंद का शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में मिलाजुला असर रहा। एससी/एसटी एक्ट के विरोध में सुबह विभिन्न संगठनों के लोगों ने सड़कों पर उतरकर भारत बंद का समर्थन किया। लोगों ने बाजार बंद कराया। केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पैदल मार्च कर घूम घूम कर विरोध प्रदर्शन किया। जिले में कहीं भी उग्र प्रदर्शन नहीं हुआ। दोपहर बाद दुकानें खुलने से बाजार में खरीदारों की रौनक रही।
शहर की मुख्य बाजार बड़ा चौराहा, छोटा चौराहा, स्टेशन रोड, कचौड़ी गली के सराफा व्यापारियों ने दुकानें बंद कर भारत बंद का समर्थन किया। वहीं विभिन्न संगठनों ने एकमंच पर आकर सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया। दोपहर बाद विभिन्न संगठन के लोगों ने अलग अलग स्थानों पर इकट्ठा होकर प्रदर्शन किया। बड़ा चौराहे पर युवाओं के एक समूह में दुकानों को बंद कराया।