आईपीएल में सट्टेबाजी का नेटवर्क पूरे इंडिया में जगह-जगह फैला हुआ है। नेटवर्क पर पूरा कंट्रोल गुजरात के अहमदाबाद में बैठा फरार सटोरिया गैंग का सरगना बंटी खंडेलवाल कर रहा है। बुकी गैंग के तार अफ्रीका से भी जुड़ रहे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अफ्रीका के हनीफ की लोकेशन नहीं पता चल सकी है। शक है कि कहीं वह अफ्रीका तो नहीं भाग गया। मामले की उच्च स्तर से जांच की जा रही है।
शनिवार को कानपुर पुलिस ने छापेमारी करते हुए अहमदाबाद से बंटी के भाई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभी तक बंटी के भाई के बारे में कुछ भी खुलकर नहीं बताया है। ऐसा माना जा रहा है कि बंटी के भाई से पूछताछ में ‘सट्टेबाजी का जाल’ बिछाने वाले कई बड़े लोग और पकड़े जा सकते हैं।
कानपुर के होटल लैंडमार्क में खिलाड़ियों के कमरों के पास रुके सटोरिये नयन रमेश शाह के फोन से क्राइम ब्रांच को कई ऐसी वॉइस रिकॉर्डिंग मिली है जो मैच फिक्सिंग की ओर इशारा कर रही है। नयन रमेश और अजमेर (राजस्थान) में बैठे सटोरिये बंटी खंडेलवाल के बीच हुई बातचीत की वाइस रिकार्डिंग नयन के फोन में सेव है।
इस रिकार्डिंग में बंटी ने नयन रमेश से कहा कि पिछले कुछ मैचों की तुम्हारी ग्राउंड की रिपोर्ट गलत आ रही है। जिस टीम को तुमने जीतता हुआ बताया, वह तो हार गई। तुम्हारे आंकलन से ज्यादा रन भी पिच पर बने हैं। इस पर नयन रमेश ने कहा कि दो खिलाड़ियों से सेटिंग हो गई है। इस बार ऐसा नहीं होगा।
गैंग का मुख्य संचालक बंटी खंडेलवाल को दबोचने के लिए कानपुर पुलिस ने गुरुवार रात उसके अजमेर स्थित ठिकानों पर दबिश दी। घर से 25 मोबाइल फोन, लैपटॉप, सट्टे से जुड़े कागजात मिले हैं। कानपुर क्राइम ब्रांच और कोतवाली पुलिस शुक्रवार को बंटी के घर पहुंची। बंटी के पिता ने उन्हें बताया कि बंटी यहां नहीं मुंबई में ज्यादातर रहता है।
बंटी अब कहां रहता है, उन्हें नहीं मालूम। उधर, अफ्रीका के हनीफ (इस वक्त गुजरात में रह रहा है) की लोकेशन नहीं पता चल सकी है। पुलिस को शक है कि वह कहीं अफ्रीका तो नहीं भाग गया। मामले की उच्च स्तर से बातचीत की जा रही है।
सट्टेबाजी का बड़ा रैकेट खुलने के बाद पुलिस इसे मैच फिक्सिंग से जोड़कर भी देख रही है। नयन के फोन से मिली वॉइस रिकॉर्डिंग और दो खिलाड़ियों से सेटिंग की बात इस ओर इशारा कर रही है। क्राइम ब्रांच को यदि और सुबूत मिले तो वह खिलाड़ियों पूछताछ कर सकती है।