कानपुर में आईपीएल में ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले को फजलगंज पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया। मेडिकल स्टोर कर्मचारी व्हाट्सएप और टेलीग्राम पर डील करता था और फिर दांव लगवाता था।
आरोपी के पास से पुलिस ने एक लाख 68 हजार 500 रुपये और मोबाइल कब्जे में लिया है। फजलगंज इंस्पेक्टर अमित कुमार तोमर ने बताया कि गड़रियनपुरवा निवासी रामू प्रजापति को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
रामू एक मेडिकल स्टोर में काम करता था। इंस्पेक्टर के मुताबिक रामू दर्जनों व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ा था। साथ ही टेलीग्राम एप का भी इस्तेमाल करता था। इन ग्रुपों से शहर समेत आसपास के जिलों के भी सटोरिये जुड़े हैं।
सट्टा खिलवाने का रामू को 20 प्रतिशत तक कमीशन मिलता था। सीओ नजीराबाद गीतांजलि सिंह ने बताया कि रामू ने पूछताछ में तीन बड़े सटोरियों के नाम बताए हैं। उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। हाल में जो सटोरिये पकड़े गए हैं, उनसे भी कनेक्शन तलाशा जा रहा है।