कानपुर स्थित लाला लाजपत राय अस्पताल (हैलट) में शरीर दर्द, पेट दर्द के मरीजों का संख्या अचानक बढ़ गई है। सोमवार को ओपीडी में 40 फीसदी ऐसे मरीज आए जिनका ब्लड प्रेशर लो था। इसके अलावा स्वाइन फ्लू के साथ ही समर फ्लू का हमला तेज हो गया। लो ब्लड प्रेशर के साथ समर फ्लू से पीड़ित रोगियों की हालत अधिक बिगड़ी रही।
मरीजों को चक्कर आता रहा। वहीं ब्लड प्रेशर लो होने से हैलट इमरजेंसी में एक रोगी की मौत हो गई। डॉक्टरों द्वारा सीपीआर (दिल की धड़कन सामान्य होने तक सीने को दबाने की प्रक्रिया) देने के दौरान उसकी मौत हो गई।
हैलट मेडिसिन की तीन अलग-अलग ओपीडी में करीब 1200 मरीज देखे गए। रोगियों की लंबी लाइनें लगी रहीं। इनमें 80 फीसदी रोगी समर फ्लू के रहे। इनमें खांसी, जुकाम, बुखार और सांस फूलने के साथ शरीर दर्द, पेट दर्द और हल्के डायरिया के भी लक्षण थे।
रोगी बर्रा-2 निवासी शिक्षक राजेंद्र प्रसाद (40), कल्याणपुर की बरखा देवी (42), राजेश कुमार (32) ने बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ ही शरीर में ऐंठन होने लगी। गले में खराश के साथ सांस फूलने के लक्षण उभर आए। इन रोगियों ने सीनियर फिजिशियन डॉ. जेएस कुशवाहा की ओपीडी में जांच कराई।
इसी तरह के रोगियों की काफी संख्या इमरजेंसी प्रभारी डॉ. प्रेम सिंह की ओपीडी में भी थी। डॉक्टरों ने बताया कि मरीज उल्टी और चक्कर की शिकायत लेकर आ रहे हैं।
यह बदलाव मौसम बदलने के साथ ही आया है। तपिश में पसीना निकलने से रोगियों में सोडियम की कमी हो रही है। इस वजह से चक्कर आ रहा है और उनका ब्लड प्रेशर गिर जा रहा है।
ये बरतें सावधानी
- घर से खाना खाकर, पानी पीकर निकलें।
- गरिष्ठ भोजन न लें, सादा भोजन करें।
- भोजन के साथ दही और सलाद जरूर लें।
- धूप में एकदम से अधिक ठंडा पानी न पिएं।
- बाहर से आकर फौरन नहाएं मत।
- ठंडे स्थान से अचानक बाहर गर्मी में न आएं।