कानपुर। हरकोर्ट बटलर तकनीकी विश्वविद्यालय (एचबीटीयू) अगले सत्र से स्नातक स्तर पर बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (बीसीए) कोर्स शुरू करने जा रहा है। विवि प्रशासन के अनुसार इसके लिए कुल 60 सीटें निर्धारित की गई हैं।
प्रस्ताव तैयार किया जा चुका है। एकेडमिक और एक्जीक्यूटिव काउंसिल में स्वीकृति मिलने के बाद यह कोर्स आधिकारिक रूप से शुरू कर दिया जाएगा। यह पहली बार होगा जब विश्वविद्यालय इस कोर्स का संचालन करेगा।
विश्वविद्यालय का मानना है कि कंप्यूटर विज्ञान और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तेजी से बढ़ते अवसरों को देखते हुए बीसीए की पढ़ाई युवाओं के लिए रोजगारपरक सिद्ध होगी। कुलपति प्रो. समशेर ने बताया कि विवि में पहले से ही इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी, बीबीए के कोर्स संचालित किए जा रहे है।
अब बीसीए जैसे पाठ्यक्रम से छात्रों को आईटी क्षेत्र में शुरुआती स्तर से ही विशेष प्रशिक्षण और अवसर प्राप्त होंगे। इससे न केवल स्थानीय छात्रों को लाभ मिलेगा बल्कि देशभर से छात्र इस कोर्स की ओर आकर्षित होंगे।
उन्होंने कहा कि बीसीए के माध्यम से छात्र प्रोग्रामिंग, सॉफ्टवेयर विकास, डाटाबेस मैनेजमेंट, वेब डिजाइनिंग और साइबर सिक्योरिटी जैसी आधुनिक तकनीकों का अध्ययन कर सकेंगे। यह कोर्स उन छात्रों के लिए विशेष उपयोगी होगा जो आईटी सेक्टर में कॅरिअर बनाना चाहते हैं लेकिन बीटेक जैसे चार वर्षीय पाठ्यक्रम में दाखिला नहीं ले पाते।
उन्होंने कहा कि संस्थान में 78 सीटों पर एमसीए का कोर्स भी संचालित होता है। शुरुआत में 60 सीटों पर दाखिला मिलेगा, अच्छा रिस्पांस मिलने पर इसे बढ़ाया जाएगा। वहीं, उद्योग जगत के विशेषज्ञों को भी गेस्ट लेक्चर और वर्कशॉप्स के लिए आमंत्रित किया जाएगा ताकि छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान भी मिल सके।