कानपुर। प्रथम स्व. अरुण अवस्थी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल मैच में मंगलवार को बीसीए ने सर पदमपत सिंहानिया स्पोर्ट्स एसोसिएशन को चार विकेट से हराया।
दूसरे मैच में नेशनल यूथ ने वाईएमसीसी को 26 रन से हराया। काउंटी क्रिकेट क्लब की ओर से दोनों मैच किदवईनगर स्थित साउथ मैदान पर कराए गए। जीत के साथ दोनों टीमों ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
पहले मैच में सर पदमपत सिंहानिया स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 142 रन बनाए। टीम से आदर्श यादव ने 49 व साहिल ने 28 रन बनाए तो गेंदबाजी में मनीष गौड़ ने तीन, मनिंदर सिंह ने दो को आउट किया।
वहीं बीसीए क्लब ने 19.2 ओवर में छह विकेट पर 144 रन बनाकर मैच जीता। इसमें सुशील ने 37 व मनिंदर सिंह ने 33 रन बनाए तो गेंदबाजी में प्रखर दुबे ने दो को आउट किया। दूसरे मैच में नेशनल यूथ ने 18.4 ओवर में 146 रन बनाए।
टीम से दिव्यांशु पांडेय ने 81 रन बनाए तो गेंदबाजी में मोहिब अंसारी, उत्कर्ष तिवारी, राहुल, रितेश ने दो-दो विकेट झटके। वहीं वाईएमसीसी की पूरी टीम 19.5 ओवर में 120 रन पर सिमट गई। टीम से आयुष ने 35 व तुषार ने 26 रन बनाए तो गेंदबाजी में सर्वेश दुबे ने पांच, अनुज ने दो को आउट किया।
इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ काउंटी क्लब के अध्यक्ष राजेंद्र अवस्थी ने किया। मौके पर पीएस नेगी, केसीए अध्यक्ष एसएन सिंह, सचिव कौशल कुमार सिंह, कमल सक्सेना, राहुल सिंह आदि मौजूद रहे।