चित्रकूट में कई घरों मे शादी है, लेकिन इनके सामने कैश की समस्या मुंह बाए खड़ी है। बैंक से ढाई लाख रुपये के लिए बैंक बाबुओंं के सामने कई बार फरियाद कर चुके है। बावजूद इसके इन्हें कैश नहीं मिल रहा।
निराश परिवार के सदस्य कार्ड व प्रार्थना पत्र लेकर अब अधिकारियों के कार्यालयों में चक्कर काट रहे हैं। सोमवार को आधा दर्जन लोगाें ने शादी के कार्ड सहित शिकायती पत्र एसडीएम को सौंपा। आरोप लगाया कि प्रशासन की रिपोर्ट लगी होने के बावजूद बैंक के अधिकारी पूरे रुपये नहीं दे रहे हैं।
सहालग होने से इस समय शादी समारोह चल रहे हैं। नोटबंदी के बाद से जिन घरों में शादियां हैं वे आर्थिक तंगी से परेशान हैं। बैंकों में शादी के कार्ड दिखाने के बाद भी रुपये नहीं मिले तो लोगों ने सोमवार को एसडीएम कार्यालय में शिकायती पत्र दिया है।
संगीता देवी पत्नी रामप्रसाद निवासी गौरिया देशाह ने बताया कि उसकी लड़की ज्योति की शादी 24 नवंबर को है। पर अभी तक रुपयों का इंतजाम नहीं हो पाया। इसी तरह से संदीप वर्मा पुत्र छीतानी लाल, निवासी नई दुनिया, रामजी पुत्र रामऔतार निवासी पुरानी बाजार की शादी होने से उनके परिजनों ने एसडीएम को शिकायत पत्र सौंपा है। गौरतलब है कि शासन स्तर से ऐसे परिवार के सदस्यों को ढाई लाख रुपये तक निकालने की छूट दी गई है, लेकिन बैंक अधिकारियों की मनमानी से कई परिवार भटक रहे हैं।