हाथों में लगाई मेहंदी और चेहरे पर लगाया फेसपैक, फिर युवती ने फंदा लगाकर दे दी जान। परिजन कोई ठोस वजह नहीं बता पा रहे। हालांकि इतना जरूर बताया कि सुबह मां ने जल्दी उठने की बात कही थी, हो सकता है यही बात उसे बुरी लग गई हो और उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के छाबी तालाब मोहल्ला निवासी मोनी ने बताया कि उसकी छोटी बहन रजनी (19) ने सोमवार को दोपहर घर के कमरे में पंखे के छल्ले से साड़ी से फंदा लगा लिया। घटना के समय मोनी कटरा मोहल्ला स्थित चित्रांस पब्लिक स्कूल में पढ़ाने गई थी। दोपहर दो बजे के करीब जब वह वापस लौटी तो घर के दरवाजे बंद मिले। पड़ोसियों ने बताया कि काफी देर से रजनी कमरे से नहीं निकली है। तब वह छत के रास्ते से कमरे में दाखिल हुई तो वह फंदे से लटकी थी।
मोनी ने बताया कि सुबह के समय मां राजरानी ने उसे सुबह जल्दी उठने के लिए कहा था। इसके बाद रजनी ने उन्हें टिफिन पैक करके दिया था। माेनी का भी टिफिन तैयार किया था। मोनी ने बताया कि खुदकुशी करने से पहले रजनी ने हाथों में मेहंदी और चेहरे पर फेसपैक भी लगाया था। पिता महेश वर्मा किराए का आटो रिक्शा चलाते हैं। वह चार बहनों में सबसे छोटी थी। परिजन कोई ठोस वजह नहीं बता सके हैं। शहर कोतवाल बलराम सिंह ने बताया कि परिजन कोई ठोस वजह नहीं बता सके हैं।