बांदा जिले में घरेलू कलह के चलते डायल-112 में तैनात सिपाही घटना के बाद से लापता है। उसके दो मोबाइल फोन मरका थाने से दो किलोमीटर दूर यमुना नदी पुल पर रखे मिले हैं। पुलिस ने नदी में कूदने की आशंका पर गुरुवार को सुबह से नदी में रेस्क्यू शुरू किया है। नदी में स्टीमर व नाव से तलाश की जा रही है। जाल भी डलवाया गया है। उधर, सिपाही की घायल पत्नी को कानपुर के रिजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया है। फर्रुखाबाद से सिपाही व महिला के परिजन भी कानपुर पहुंच गए हैं।
देर रात रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मासूम की मौत होने पर उसका शव मोर्चरी में रखाया गया है। मरका थाने की डायल-112 में तैनात सिपाही गौरव कुमार ने अपने किराए के मकान में अपनी पत्नी शिवानी (32) व तीन वर्षीय बच्ची परी पर रात करीब नौ बजे कुल्हाड़ी से हमला कर गंभीर घायल कर दिया था। इससे दोनों गंभीर हालत में लहूलुहान हो गई थीं। चीख पुकार सुनकर पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने रात में ही दोनों को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था।