बांदा जिले में चकबंदी में ज्यादा जमीन जाने के विवाद में चाचा-भतीजे के बीच गुत्थम गुत्था हो गई। इस दौरान चाचा का सिर दीवार से टकरा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। गिरवां थाना क्षेत्र के सहेवा गांव निवासी कृष्ण पाल (68) बुधवार को दोपहर दो बजे करीब घर के बाहर चबूतरे पर बैठे थे। तभी भतीजा ओमप्रकाश आया और चकबंदी में ज्यादा जमीन जाने को लेकर कृष्ण पाल से झगड़ा करने लगा। बात बढ़ने पर दोनों के बीच गुत्थम गुत्था हो गई।
इसी दौरान कृष्णपाल का सिर पीछे दीवार से टकरा गया। इससे उनकी हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें लेकर रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वृद्ध ने रात में दम तोड़ दिया। कृष्ण पाल के चचेरे भाई रमेश ने बताया कि वह पांच भाई थे। तीन भाइयों स्व. कृष्ण कुमार, कृष्ण गोपाल और कृष्ण पाल की चकबंदी में छह-छह बीघा के चक बनाए गए थे। बड़े भाई कृष्ण कुमार के पुत्र ओमप्रकाश का आरोप है कि उसके चक की ज्यादा जमीन कृष्णपाल के चक में चली गई है, जबकि ऐसा नहीं था।