कोतवाली क्षेत्र के गांव बाबूपुर के पास बुधवार शाम करीब पांच बजे दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में छह लोग घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को सीएचसी नरैनी पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने एक बुजुर्ग और एक 11 वर्षीय छात्र को मृत घोषित कर दिया। शेष घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव पोंगरी निवासी जुगुल किशोर मिश्र (65) अपने गांव के ही बबलू आरख (40) के साथ बाइक से करतल की ओर जा रहे थे। उधर, गांव गौर शिवपुर निवासी अवधेश यादव (28) अपनी बहन बसंती (38), भांजी संतोषी (13) और भांजे अंकुर (11) को लेकर करतल से नरैनी की ओर आ रहे थे। करतल क्षेत्र के बाबूपुर गांव के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भास्कर मिश्रा, करतल चौकी प्रभारी अनिल साहू, एसआई राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को सीएचसी पहुंचाया।