बबेरू से निमंत्रण कर गांव जा रहे मोपेड सवार पिता-पुत्र को ट्रैक्टर चालक ने ओवरटेक कर टक्कर मार दी। हादसे में मोपेड सवार पिता-पुत्र ट्राली के नीचे दबकर कुचलकर मौत हो गई। मोपेड चालक हेलमेट भी पहने था, पर हादसे में उसका हेलमेट भी चकनाचूर हो गया।
फतेहपुर जनपद के किशनपुर थाना क्षेत्र के गढ़ा गांव निवासी फूलचंद सोनकर (58) अपने 13 वर्षीय पुत्र शिवबाबू के साथ बबेरू से निमंत्रण करके मोपेड में सवार होकर गांव की ओर जा रहे थे। कमासिन थाना क्षेत्र के दादौं मार्ग पर दोपहर तीन बजे गिट्टी से लदे ट्रैक्टर जो कि किशनपुर की ओर जा रहा था, ने दोनों को ओवरटेक करते हुए टक्कर मार दी। मोपेड फूलचंद चला रहे थे। वह हेलमेट भी पहने थे। टक्कर लगने से दोनों पिता-पुत्र ट्रैक्टर ट्राली के नीचे आ गए उनकी कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई।
ट्रैक्टर चालक हादसे के बाद भाग निकला। सूचना पर पहुंचे दादौं चौकी पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों को कमासिन सीएचसी पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने दोनों को देखते ही मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मोपेड चालक फूलचंद पहिए के नीचे आने से हेलमेट भी चकनाचूर हो गया। थानाध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर किशनपुर के मडौली गांव का बताया गया है। ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर मंडी परिसर में खड़ा कराया गया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बांदा भेज दिया है।