मृतक सुल्तान सिंह की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
जंगली सुअरों के झुंड से उजड़ी फसल देख किसान ने खेत में फंदा लगाकर जान दे दी। आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने देखा तो परिजनों को जानकारी दी। पैलानी थाना क्षेत्र के शेखूपुर गांव निवासी सुल्तान सिंह (48) ने शनिवार की देर शाम अपने खेत में लगे नीम के पेड़ से रस्सी से फंदा लगा लिया। आसपास खेत में काम कर रहे ग्रामीणों ने देखा तो उनके परिजनों को जानकारी दी। परिजनों और पुलिस ने शव को फंदे से उतारा।
पोस्टमार्टम हाउस में बड़े भाई कप्तान सिंह ने बताया कि सुल्तान के पास पांच बीघा जमीन है। इस बार उसने खेत में गेहूं व चना की फसल बोई थी। फसल को जंगली सुअरों के झुंड ने खराब कर दिया था। इससे वह तीन दिन से गुमशुम था। शाम को उसने फसल की बर्बादी देख यह आत्मघाती कदम उठाया है। बताया कि तीन साल पहले बड़ी बेटी बिटोला की शादी में रिश्तेदारों से डेढ़ लाख रुपये कर्ज भी लिया था, उसकी भी अदायगी की चिंता थी।
सुल्तान के दो बेटियां व एक बेटा है। घर में पत्नी सुधा सिंह हैं। तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। उधर, पैलानी थाना इंस्पेक्टर सुखराम सिंह ने बताया कि घरेलू किसी बात पर तीन दिन से अवसाद में चल रहे थे। इसी के चलते खुदकुशी की है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।