बांदा जिले में बबेरू कोतवाली क्षेत्र के तराया गांव में मंगलवार रात पड़ोसी की दीवार अचानक गिरने से एक परिवार के चार लोग मलबे में दब गए। हादसे में पति और छह माह की मासूम बेटी की मौत हो गई, जबकि पत्नी और तीन वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
तराया गांव निवासी राजेश सिंह (40) रात में पत्नी सावित्री देवी (35) और दो बेटियों के साथ घर में थे। बताया गया कि पड़ोसी की दीवार का दबाव राजेश के घर की दीवार पर पड़ा, जिससे दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। मलबे में राजेश, उनकी पत्नी सावित्री देवी और दोनों बेटियां दब गईं।