जेल रोड को बैरियर लगाकर बंद कर दिया
इसके लिए बिजली विभाग को शासन ने एक करोड़ रुपये दिए हैं। इस मार्ग में लोगों ने सड़क की पटरी से ही सटाकर भवन खड़ा करा लिए हैं। इससे बिजली विभाग विद्युत खंभे नहीं शिफ्ट करा पा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन ने अतिक्रमण हटवाने के लिए कमर कस ली। चूंकि मार्ग में भाजपा से जुड़े कई रसूखदारों के भी मकान हैं, जो अतिक्रमण में हैं। इसलिए प्रशासन इस बार किसी की सुनने को तैयार नहीं है। रविवार को सुबह सात बजे से ही जेल रोड को दोनों तरफ से बैरियर लगाकर बंद कर दिया गया।
कई लोगों ने किया विरोध
एडीएम राजेश कुमार, सीओ सदर राजवीर सिंह और प्रांतीय खंड पीडब्ल्यूडी एक्सईएन मनोज कुमार पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट संदीप केला, एसडीएम सदर नमन मेहता सहित विकास प्राधिकरण व नगर पालिका के अधिकारी भारी पुलिस फोर्स और पीएसी के साथ पांच बुल्डोजर लेकर मौके पर पहुंचे। इसके बाद अतिक्रमण हटवाना शुरू किया। कई लोगों ने विरोध किया और कुछ लोगों ने मिन्नतें की, पर प्रशासन ने किसी की नहीं सुनी।
करीब 16 मीटर सड़क और फुटपाथ है
अतिक्रमण में पड़ने वाले करीब 10 दो मंजिला मकानों को बुल्डोजर से ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन का सख्त रूख देख लोगों ने खुद मजदूर बुलाए और छेनी-हथौरा लेकर अपने भवन तोड़ने में जुट गए। सुबह सात बजे शुरू हुआ अतिक्रमण हटाने का सिलसिला पूरे दिन चला। अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि करीब 16 मीटर सड़क और फुटपाथ है। इस दायरे में जो भी मकान होंगे, सभी हटाए जाएंगे। सभी लोगों से स्वत: हटाने को कहा गया है, जो नहीं हटाते, उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है।