कमासिन थाना क्षेत्र के अछरील गांव में गुरुवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई तीन साल की मासूम बच्ची का शव शुक्रवार को घर के पास ही बने गोबर के गड्ढे में उतराता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया। इससे पहले परिजनों की सूचना पर पुलिस ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू की थी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
खेलते समय अचानक गायब हुई थी मासूम
जानकारी के अनुसार, अछरील गांव निवासी विकास सिंह की तीन वर्षीय बेटी परी गुरुवार शाम करीब चार से पांच बजे के बीच घर के बाहर खेल रही थी। उसकी मां मंजू घर के अंदर काम कर रही थीं। इसी बीच अन्य बच्चों ने घर आकर बताया कि परी बाहर नजर नहीं आ रही है।
सुबह दर्ज हुआ अपहरण का केस, फिर मिला शव
शुक्रवार सुबह परिजनों ने मामले की जानकारी कमासिन थाना पुलिस को दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू की। पुलिस की पड़ताल के बीच ही घर के पास बने गोबर के पानी भरे गड्ढे में परी का शव उतराता दिखाई दिया।
जांच में जुटी पुलिस
शव मिलने की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को बाहर निकलवाकर पंचायतनामा की कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई है—यह हादसा है या कोई साजिश, इसकी गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।