Banda: विजलेंस टीम की गिरफ्त में जेई रावेंद्र कुमार व संविदा लाइनमैन आलोक मिश्रा
- फोटो : अमर उजाला
एंटी करप्शन टीम ने बृहस्पतिवार को बिजली विभाग के लाइनमैन को 16 हजार रुपये घूस लेते पकड़ा। बताया जा रहा है कि नलकूप का एस्टीमेट बनाने के नाम पर एक किसान से यह घूस मांगी गई थी। टीम ने उस जेई को भी गिरफ्तार किया है जिनसे घूस लेने के लिए कहा था।
थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी किसान हनीफ खान अपने खेत में ट्यूबवेल लगवाना चाह रहा था। किसान के मुताबिक उसने फरवरी में ट्यूबवेल का एस्टीमेट बनवाने के लिए जेई रावेंद्र कुमार से संपर्क किया था। जेई ने हनीफ को संविदा लाइनमैन आलोक मिश्रा से मिलकर बात करने को कहा। हनीफ लाइनमैन से मिले तो उसने 20 हजार रुपये की घूस मांगी। आरजू-मिन्नत करने पर 16 हजार रुपये में लाइनमैन ने एस्टीमेट बनाने की बात की। लाइनमैन की घूसखोरी से परेशान होकर हनीफ ने जिला मुख्यालय स्थित एंटी करप्शन टीम को मामले की जानकारी दी।
गुरुवार को पूरी तैयारी के साथ दो गाड़ियों में एंटी करप्शन टीम के सदस्य हनीफ के साथ जसपुरा पावर हाउस पहुंचे। वहां पर पावर हाउस परिसर में लाइनमैन आलोक ने हनीफ से 16 हजार रुपये घूस ली। इसी दौरान टीम के सदस्यों ने लाइनमैन को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। जेई को भी टीम के सदस्यों ने गिरफ्तार किया। एंटी करप्शन टीम में एसीओ संजय त्रिपाठी, श्यामबाबू, जाकिर हुसैन, उप निरीक्षक शिवकुमार, देवेंद्र प्रताप, सुंदर रैकवार, अनिल कुमार, चंद्रपाल सिंह, सचिन चौरसिया, शारदा प्रसाद आदि शामिल रहे। एसीओ संजय त्रिपाठी ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।