बिसंडा में बुधवार को हुए हादसे में बृहस्पतिवार को दुधमुंही साफिया ने अस्पताल से घर आने के बाद शाम को दम तोड़ दिया। जिससे हादसे में मृतकों की संख्या सात पहुंच गई है। जबकि भाई की बुधवार को ही मौत हो चुकी थी। बिसंडा थाना क्षेत्र में बुधवार को मौरंग लादकर जौनपुर जा रहे ओवरलोड ट्रॉला ने सेवानिवृत्त शिक्षक को कुचलने के बाद भागते हुए ई-रिक्शा में टक्कर मार दी थी।
इस हादसे में कुल छह लोगों की मौत हो गई थी, जबकि अन्य घायल हो गए थे। कोर्रही निवासी चार माह की साफिया रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती थी। बृहस्पतिवार की सुबह उसकी अस्पताल से छुट्टी हो गई थी। घर पर साफिया की शाम पांच बजे मौत हो गई। इससे पहले दोपहर में उसके नौ वर्षीय बड़े भाई शाहबाज का अंतिम संस्कार हुआ था। इस हृदय विदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।