मेडिकल कॉलेज परिसर में मौजूद परिजन
- फोटो : अमर उजाला
मेडिकल कॉलेज परिसर में एक मृत नवजात को कुत्ते के उठा ले जाने और नोंचने का मामला सामने आया है। प्रसव के बाद मृत पैदा हुए बच्चे को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था। इसके बाद पिता परिसर में ही बैठा था। इसी दौरान उसकी आंख लग गई और कुत्ता बच्चे को उठा ले गया। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
बड़ोखर निवासी दिनेश प्रजापति ने बताया कि उनकी पत्नी गुड़िया को प्रसव के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। रात करीब 11:30 बजे बच्चे का जन्म हुआ। बच्चा मृत पैदा हुआ था। रात करीब 12:30 बजे बच्चे को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इसके बाद वह परिसर में ही बैठा रहा। दिनेश के मुताबिक, रात करीब ढाई से साढ़े तीन बजे के बीच उसकी आंख लग गई। इसी दौरान कुत्ता बच्चे को उठा ले गया और उसे नोंचने लगा। दिनेश ने घटना के लिए सुरक्षा कर्मियों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त की जानी चाहिए।
प्रिंसिपल बोले- लापरवाही पर होगी कार्रवाई
मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सुनील कौशल ने बताया कि घटना उनके संज्ञान में नहीं आई थी। उन्होंने कहा कि मृत शिशु को परिजनों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया है। इसके बाद परिजन अपने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम प्रक्रिया पूरी करते हैं। कॉलेज परिसर में सुरक्षा के लिए गार्ड और सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। स्टाफ को मरीजों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए जाते हैं। यदि इस मामले में किसी की लापरवाही सामने आती है तो कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।