अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के गुमाई गांव में रविवार को मां के साथ धान की रोपाई कराने गए सात वर्षीय बालक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। परिजन और ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे की तलाश के बाद बालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
गिरवां थाना क्षेत्र के पौडरा के फदाली पुरवा निवासी गुलाब कुशवाहा ने बताया कि उनका नाती अमित कुमार (7) रविवार दोपहर अपनी मां शोभा और बड़े भाई बड़ा भैया के साथ गुमाई गांव में धान की बेड़ लगाने गया था। मां खेत में काम करने लगी, जबकि दोनों भाई पास के तालाब किनारे खेलने लगे। इसी दौरान अमित का पैर फिसल गया और वह तालाब में जा गिरा।
कुछ देर बाद बड़े भाई ने दौड़कर मां को घटना की जानकारी दी। सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। करीब 30 मिनट तक तलाश के बाद शाम चार बजे अमित को तालाब से बाहर निकाला गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि तालाब में डूबने से बालक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच की जा रही है।