Banda News: गंछा घाट से कन्या भोज कार्यक्रम में शिरकत कर कन्याओं को लेकर ट्रैक्टर आ रहा था। ट्रैक्टर के आगे साइकिल से जा रहे दो किशोर गिर गए थे, जिसमें से एक की कुचलकर मौत हो गई है।
बांदा जिले में साइकिल सवार किशोर अचानक गिर गया, जिसे गंछा घाट से लौट रहे ट्रैक्टर चालक ने कुचल दिया। हादसे में किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। शहर कोतवाली क्षेत्र के गंछा गांव निवासी लालमन (13) साइकिल से अपने हम उम्र गांव के ही एक साथी के साथ रविवार को दोपहर अपने घर जा रहा था। पीछे से गांव में ही एक कन्या भोज कार्यक्रम में शिरकत कर कन्याओं को लेकर ट्रैक्टर सवार भी लौट रहा था।
विज्ञापन
आगे जा रहा किशोर अचानक साइकिल से गिर गया, उसके ऊपर पीछे से आया ट्रैक्टर चढ़ गया। हादसे में किशोर गंभीर घायल हो गया। परिजन व ग्रामीण उसे लेकर रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां उसने दम तोड़ दिया। पिता रज्जू ने बताया कि ट्रैक्टर चालक बहोरी निषाद ने जानबूझकर ट्रैक्टर उसके बेटे के ऊपर चढ़ाया है। उसने कोतवाली में तहरीर दी है। हादसे को अंजाम देकर ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला। हादसे के बाद लालमन की मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
गंछा घाट से कन्या भोज कार्यक्रम में शिरकत कर कन्याओं को लेकर ट्रैक्टर आ रहा था। ट्रैक्टर के आगे साइकिल से जा रहे दो किशोर गिर गए थे, जिसमें से एक की कुचलकर मौत हो गई है। दूसरा बच गया था। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। ट्रैक्टर को मय ट्राली के थाने में खड़ा कराया गया है। -राजीव प्रताप सिंह, सीओ नगर, बांदा