कानपुर में टेनरियों के बाद अब गंगा को प्रदूषित कर रही टेक्सटाइल इकाइयों पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नकेल कसी है। बोर्ड ने कुंभ तक शहर की 51 टेक्सटाइल इकाइयों पर प्रतिबंध लगा दिया है। इनमें चार मार्च तक गीला कार्य नहीं हो सकेगा। शुक्रवार को जिलाधिकारी की स्वीकृति के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने यह आदेश जारी किया।
कुछ महीने पहले कैबिनेट की बैठक के बाद सीएम ने यह आदेश दिया था कि कुंभ स्नान को देखते हुए गंगा में किसी भी तरह का प्रदूषित पानी नहीं जाना चाहिए। चाहे वह टेनरियों के माध्यम से आ रहा हो या फिर दूसरी औद्योगिक इकाइयों के जरिए।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की जांच में यह बात सामने आई है कि पनकी के पास से शुरू होने वाले आईसीआई नाले और विजय नगर के गंदा नाले से होकर टेक्सटाइल इंडस्ट्री का कई करोड़ लीटर प्रदूषित रंगीन पानी पांडु नदी में गिरता है।