कानपुर। गुजैनी सब्जी मंडी में मंगलवार शाम गुब्बारे में भरी जाने वाली हीलियम गैस का सिलिंडर फटने से गुब्बारे बेच रहे तीन भाई घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। इनमें से एक भाई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
रतनलालनगर कच्ची बस्ती के निवासी अमन, संजय और आकाश सब्जी का ठेला लगाने के साथ-साथ हवा वाले गुब्बारे बेचते थे। वे गुब्बारों में भरने के लिए हीलियम गैस का इस्तेमाल करते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार शाम आकाश सब्जी की दुकान के पास साइकिल पर रखे सिलिंडर से गुब्बारे में गैस भर रहा था। उसी दौरान अचानक तेज धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। सिलिंडर के टुकड़े लगने से आकाश के अलावा पास खड़े उसके भाई अमन और संजय भी घायल हो गए। गोविंदनगर इंस्पेक्टर रिकेश कुमार सिंह ने तीनों को अस्पताल भेजा, जहां से इलाज के बाद अमन और संजय को छुट्टी मिल गई, जबकि आकाश का इलाज अभी जारी है। (संवाद)