कानपुर के पनकी गंगागंज निवासी बीटेक छात्र सत्यम अवस्थी (21) के खुदकुशी करने की गुत्थी उलझ गई है। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है लेकिन अभी तक आरोपों के संबंध में साक्ष्य नहीं जुटा सकी है। आरोपियों से पूछताछ जारी है। आरोपियों के मोबाइल नंबरों की सीडीआर से भी कोई अहम तथ्य पुलिस को नहीं मिल सका है।
सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस आरोपियों को गुरुवार को जेल भेज सकती है। सत्यम ने सोमवार को फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। उसने सुसाइड नोट में एक महिला मित्र के अलावा तीन दोस्त शुभम कुशवाहा, नितिन मिश्रा और आकाश तिवारी पर ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठने का आरोप लगाया था।
एसपी पश्चिम डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि परिजनों का आरोप है कि अश्लील फोटो खींचकर सत्यम को चारों ने ब्लैकमेल किया लेकिन इसके संबंध में अभी तक कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। चारों की आपस में फोन पर एक आध बार ही बातचीत होने की पुष्टि हुई है। अभी आरोपों की पुष्टि नहीं हो पा रही है। पुलिस सुबूत की तलाश में जुटी है।